कोरबा। कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में लोनर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एतमा नगर, जटगा और पसान रेंज में उत्पात मचाने के बाद अब लोनर हाथी केंदई रेंज के कोरबी सर्किल में पहुंच गया है। बीती रात करीब 1:30 बजे हाथी ने कोरबी बस्ती में घुसकर एक ग्रामीण के घर को नुकसान पहुंचाया। जिस समय हाथी ने घर पर धावा बोला, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य अंदर ही मौजूद थे।
आधी रात घर में घुसा हाथी, परिवार ने छिपकर बचाई जान
जानकारी के मुताबिक, पसान क्षेत्र से अचानक कोरबी पहुंचे लोनर हाथी ने रविंद्र नामक ग्रामीण के घर के एक हिस्से को ढहा दिया। घर की दीवार टूटने की आवाज और हाथी की आहट सुनकर रविंद्र जाग गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने अपने परिवार के साथ घर के एक कोने में छिपकर जान बचाई। इसके बाद हाथी मित्र दल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और हाथी मित्र दल के सदस्य मौके पर पहुंचे।
वन विभाग की टीम ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा
मौके पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद उत्पात मचा रहे लोनर हाथी को बस्ती से बाहर खदेड़ा। इसके बाद हाथी जंगल की ओर चला गया और रोदे पहाड़ क्षेत्र में पहुंचकर विचरण करने लगा।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
पसान क्षेत्र में 12 हाथियों की मौजूदगी
उधर, पसान रेंज में भी हाथियों की सक्रियता बनी हुई है। यहां एक लोनर हाथी समेत करीब 12 हाथियों का दल दो अलग-अलग स्थानों पर विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
जटगा में भी हाथियों का झुंड सक्रिय
कटघोरा वन मंडल के जटगा रेंज के कारीमाटी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी बताई जा रही है। वन विभाग की टीमें हाथियों की निगरानी कर रही हैं और ग्रामीणों को जंगल तथा हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
करतला में 15 हाथियों ने डाला डेरा
इधर, कोरबा वन मंडल के करतला रेंज में भी हाथियों का बड़ा झुंड सक्रिय है। करीब 15 हाथियों का दल पिछले दो दिनों से साजापानी के आसपास डेरा डाले हुए है। लगातार अलग-अलग इलाकों में हाथियों की मौजूदगी से मानव-हाथी संघर्ष का खतरा बढ़ गया है।
वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को सतर्क कर रहा है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के करीब जाने, उन्हें घेरने या भगाने की कोशिश न करें और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।











