Friday, April 17, 2026

कोरबा में हाथी का कहर: दंतैल ने चार घरों को पहुंचाया नुकसान, धान भी खा गया; ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान

कोरबा। जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज अंतर्गत फुलसर, रोदे और कोदवारी गांव में मंगलवार रात एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने चार कच्चे मकानों को तोड़ डाला और घरों में रखा धान खा गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में इस समय 18 हाथियों का झुंड सक्रिय है, जिसमें से एक दंतैल हाथी झुंड से अलग होकर गांवों में घुस आया और भारी नुकसान पहुंचाया। फुलसर गांव में धनराज सिंह के घर में घुसे इस हाथी ने मिट्टी की दीवार तोड़ दी। घर में मौजूद बीमार महिला को परिवार ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद हाथी ने एक बोरी धान खा लिया।

वहीं, पोड़ी खुर्द के खड़पड़ी पारा में इतवार साय धनुवार, बुदेश्वरी बाई धनुवार और अमरलाल के मकानों को भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया। तीनों परिवारों ने घर छोड़कर भागकर अपनी जान बचाई। इन सभी घरों को गंभीर नुकसान पहुंचा है, और प्रभावित परिवार रात से बाहर ही ठहरे हुए हैं।

वन विभाग की टीम अलर्ट

रेंजर अभिषेक दुबे ने बताया कि हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, और मुआवजे की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

ग्रामीणों को दी जा रही चेतावनी

वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों को छेड़ने या उनके करीब जाने से बचें।