Tuesday, August 25, 2026

कोरबा में हॉर्न बजाने पर भड़का दंतैल हाथी, टैंकर की ओर दौड़ा; गड्ढे में फंसा पहिया, भागकर बचाई ड्राइवर-हेल्पर ने जान

कोरबा। कटघोरा वन मंडल क्षेत्र में मंगलवार को एक दंतैल हाथी ने नेशनल हाईवे पर डीजल टैंकर का रास्ता रोक दिया। टैंकर चालक द्वारा हाथी को हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर हाथी अचानक भड़क गया और टैंकर की ओर दौड़ पड़ा। घबराए चालक ने वाहन को पीछे लेने की कोशिश की, लेकिन टैंकर का पहिया सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। इसके बाद चालक और हेल्पर वाहन छोड़कर भाग गए और किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के चलते हाईवे पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।

सड़क पर अचानक आ गया दंतैल हाथी

जानकारी के अनुसार, डीजल टैंकर कटघोरा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान जंगल से निकलकर एक दंतैल हाथी अचानक सड़क पर पहुंच गया और टैंकर के सामने खड़ा हो गया। हाथी को रास्ते से हटाने के लिए चालक ने हॉर्न बजाया। हॉर्न की आवाज सुनते ही हाथी आक्रामक हो गया और टैंकर की ओर दौड़ने लगा।

हाथी को आता देख पीछे लेने लगा टैंकर

हाथी को अपनी ओर तेजी से आता देख चालक ने टैंकर को पीछे लेने की कोशिश की। इसी दौरान वाहन का पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गया। टैंकर आगे-पीछे नहीं हो सका। खतरा बढ़ता देख चालक और परिचालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। दोनों ने सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।

हाईवे पर लगा वाहनों का लंबा जाम

हाथी काफी देर तक सड़क के आसपास घूमता रहा। इसके कारण नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत का माहौल बना रहा।

इलाके में करीब 10 हाथियों का दल

बताया जा रहा है कि इन दिनों क्षेत्र में करीब 10 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथी आसपास के खेतों में पहुंचकर फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। फसल बचाने के लिए किसान रातभर जागकर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।

वन विभाग ने जारी की सावधानी बरतने की अपील

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग लगातार उनकी निगरानी कर रहा है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर हाथी दिखाई देने पर हॉर्न न बजाएं, उसके पास जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।