Monday, March 16, 2026

कोरबा/ राताखार राशन दुकान में बिना स्टाक हो गया खाद्य सामाग्रियों का वितरण

knn24news/ कोरबा । शासन का सार्वजनिक वितरण प्रणाली वर्षों से भ्रष्टाचार के लिए बदनाम रहा है। बेहिसाब भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए पी.डी.एस. को ऑनलाईन किया गया है। लेकिन इससे भी भ्रष्टाचार पर अंकुश लगता नजर नहीं आ रहा है। इसका ताजा उदाहरण नगरीय निकाय क्षेत्र में जय अम्बे महिला प्रा. सह. उ. भ. (आई डी.नंबर- 551001002) राताखार कोरबा उचित मूल्य की दुकान का ऑनलाईन उपलब्ध आंकड़ा है। इस दुकान में खाद्यान्न नहीं होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सामग्री वितरित किया जाना बता दिया गया है, जिसके चलते दुकान का खाद्यान्न स्टाक मायनस में प्रदर्शित हो रहा है।

उपलब्ध दस्तावेज के अनुसार जय अम्बे महिला समूह का चावल का स्टाक 6088.00 कि.ग्रा., अंत्योदय चावल 40.00 कि. ग्रा., चना 761.00 कि. ग्रा., नमक 1641.00 कि. ग्रा. स्टाक में मायनस दिखाई दे रहा है। जानकारों के अनुसार
इसका अर्थ यह है कि राशन दुकानदार को सामाग्री का आबंटन प्राप्त नहीं हुआ था, लेकिन उसने उपभोक्ताओं को उक्त मात्रा में खाद्यान्न का वितरण कर दिया है। ये आंकड़े खाद्य विभाग के ऑनलाईन पी डी एस पोर्टल में देखे जा सकते हैं।