Tuesday, October 20, 2026

कोरबा: हरदीबाजार में एसईसीएल की सर्वे टीम ग्रामीण विरोध के बाद वापस लौट गई, प्रबंधन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

ग्रामीणों का विरोध, खदान के लिए सर्वे करने पहुंची एसईसीएल की टीम बैरंग लौटी…कोरबा। एसईसीएल दीपका की खदान सर्वे टीम पुलिस और प्रशासन के साथ हरदीबाजार हॉस्पिटल मोहल्ला पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते बैरंग लौट गई। ग्रामीणों ने कहा कि पूर्व में हुई त्रिपक्षीय वार्ता का पालन नहीं किया गया और सर्वे के नाम पर उन्हें धोखा दिया गया।

सरपंच लोकेश्वर कंवर, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, भाजपा जिला मंत्री अजय दुबे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नौकरी, सर्वसुविधायुक्त बसाहट और उचित मुआवजा सहित उनकी सात सूत्रीय मांगों पर एसडीएम पाली के सामने लिखित सहमति हुई थी, लेकिन एसईसीएल की टीम ने इसे दरकिनार कर जबरदस्ती सर्वे करने की कोशिश की।

ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ हरदीबाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई और लिखा कि बिना सूचना के सर्वे करना कानून के खिलाफ है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी सभी मांगों को पूरा नहीं किया जाता, खदान के लिए कोई सर्वे करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।