कोरबा। शहर कोतवाली थाना परिसर में सोमवार को शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी, शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई और थाना के महत्वपूर्ण दस्तावेजों से छेड़छाड़ करते हुए रोजनामचा फाड़ने की कोशिश की। इस दौरान उसने टेबल का कांच भी तोड़ दिया।
एफआईआर के अनुसार, घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह लगातार हंगामा करता रहा। महिला आरक्षक सुनीता कश्यप और मोहर्रिर सुनीता डहरिया के साथ भी आरोपी ने अभद्रता और अश्लील गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, वह अपना सिर और चेहरा दीवार पर भी पटकने लगा।
बाद में पूछताछ में आरोपी की पहचान राजेश चौहान, निवासी सीतामणी, के रूप में हुई। थाना प्रभारी एम.बी. पटेल के मौके पर पहुंचने के बाद भी उसका आक्रामक व्यवहार जारी रहा, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
सहायक उपनिरीक्षक कुंवर साय की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ते नशे और नशेड़ियों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर चिंता बढ़ा दी है।











