Friday, April 3, 2026

ग्रामीणों की गुहार : पक्की ही न सही मजबूत कच्ची सड़क बना दो,

गरियाबंद। जिले के दाबरीभांठा में रहने वाले 40 आदिवासी परिवारों ने सरकार से पक्की सड़क बनाने गुहार लगाई है. ग्रामीणों का कहना है कि पक्की ही न सही मजबूत (मुरम की) कच्ची सड़क बना दो. आखिर कब तक मरीजों की जान दांव लगाए. बरसात में मरीजों को खाट पर लाद कर ले जाना पड़ता है. कच्ची सड़क के कारण दुपहिया चलाना मुश्किल हो गया है. एंबुलेंस पहुंचना तो दूर की बात है.

दरअसल, देवभोग ब्लॉक के नवीन सूकलीभांठा पंचायत में लगभग 1500 की आबादी निवासरत है. इस आबादी का छोटा सा भाग आश्रित ग्राम दाबरीभांठा में रहता है. गांव में 40 आदिवासी परिवार रहते हैं, जिन्हें पंचायत मुख्यालय तक जाना हो या देवभोग जाने वाली साहसखोल की पक्की सड़क तक पहुंचना हो तो बारिश के दिनों में पैदल ही जाना हो पाता है.