Sunday, July 12, 2026

चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में फिसला यात्री, RPF जवान ने बचाई जान

राजनांदगांव। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ जवान ने चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान गिर रहे यात्री की जान बचा ली।

घटना 8 जुलाई की है। जानकारी के अनुसार, यात्री बृजेश सकुनिया (52), निवासी झारसुगुड़ा, ट्रेन चलने के बाद दोबारा चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिरने लगे। प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित खींच लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

यात्री ने आरपीएफ का आभार जताते हुए सुरक्षित अपनी यात्रा जारी रखी। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 उपलब्ध है।