कोरबा.छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे कोरबा, दुर्ग और मनेन्द्रगढ़ में हुए। तीनों घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरबा में भारी वाहन की चपेट में आने से वीडियोग्राफर की मौत
कोरबा के मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा 27 फरवरी की रात पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान गौरव श्रीवास (22) के रूप में हुई है, जो सीएसईबी कॉलोनी का निवासी और पेशे से वीडियोग्राफर था। वह होली सेलिब्रेशन के फोटो-वीडियोग्राफी ऑर्डर के सिलसिले में मिलने जा रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेज दिया है।
दुर्ग में ट्रक की टक्कर से मजदूर की मौके पर मौत
दुर्ग जिले में सीमेंट प्लांट में काम करने जा रहे एक मजदूर की बाइक को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कंटेनर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की जान गई
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खोंगापानी क्षेत्र में घुटरीटोला चेकपोस्ट के पास कंटेनर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।









