Saturday, July 18, 2026

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय, कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बने लो प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है, जिसके चलते पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर बिलासपुर जिले में देखने को मिला, जहां करीब 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण नेशनल हाईवे-49 पर कई जगह 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सरकंडा क्षेत्र के लिंगियाडीह में तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जिसका शव बाद में झाड़ियों में मिला।

वहीं कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण मार्ग को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स समेत कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द की गईं, जबकि 3 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है।