Tuesday, March 3, 2026

छत्तीसगढ़ के निजी अस्पतालों में आक्सीजन वाले 50% बिस्तर कोरोना मरीजों के लिये आरक्षित

कोरोना के बेकाबू होते हालात के बीच प्रशासन बीमारों को बचाने की जद्दोजहद में जुटा है। सरकार के फैसले के बाद संक्रमण से सर्वाधिक प्रभावित रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जिलों के निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन सुविधा वाले 50% बेड कोरोना मरीजों के आरक्षित कर दिये गये हैं। इस बीच सरकार भी कोविड केयर सेंटर में ऑक्सीजन वाले बिस्तर की क्षमता बढ़ा रही है। रायपुर में फुंडहर, धरसीवां और तिल्दा में नये कोविड केयर सेंटर शुरू हुये हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 50% बिस्तर आरक्षित करने के आदेश के बाद रायपुर जिले के निजी अस्पतालों के 5512 बिस्तरों में से 3531 कोरोना मरीजों के लिये सुरक्षित कर लिया गया है। दुर्ग जिले के निजी अस्पतालों में उपलब्ध 1532 बिस्तरों में से 972 को आरक्षित किया गया है। वहीं बिलासपुर जिले के 355 बिस्तरों में से 285 को कोरोना मरीजों के लिए अलग कर लिया गया है। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर भी डाल दी गई है। अधिकारियों ने बताया, दूसरे जिलों में भी ऐसी व्यवस्था की जा रही है।

रायपुर जिले में जहां मेडिकल कालेज के अलावा आयुर्वेदिक कॉलेज, माना और लालपुर में कोविड हॉस्पिटल पहले से चल रहे थे। अब फुण्डहर के वर्किंग वीमन हॉस्टल में बनाए गए कोविड केयर सेंटर और धरसीवां तथा तिल्दा विकासखंड में बनाए गए कोविड केयर भी शामिल हो गये हैं। कलेक्टर डॉक्टर एस. भारतीदासन ने बताया, फुण्डहर केंद्र में 210 बिस्तर हैं जिनमें ऑक्सीजन और कंसट्रेटर की सुविधा वाले बेड की संख्या 40 है। धरसीवां में 50 बिस्तर लगे हैं जिनमें से ऑक्सीजन वाले बेड 15 हैं। वहीं तिल्दा के 50 बिस्तरों में 30 में ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध है।