Thursday, August 20, 2026

जमीन के लिए बाप-बेटे पर टंगिया से हमला:खेत में काम करते पहुंचा युवक, पहले विवाद किया, फिर किया वार और भाग निकला

कोरबा जिले में एक युवक ने बाप-बेटे पर टंगिया से हमला कर दिया। जिससे दोनों घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद था। जिसके चलते युवक ने बाप-बेटे पर हमला किया था। मामला पाली थाना क्षेत्र का है।

बम्हनी गांव में मनमोहन सिंह(60) अपने परिवार के साथ रहता है। उसका अरविंद सिंह नाम के एक परिवार से जमीन को लेकर विवाद है। शनिवार को मनमोहन सिंह अपने खेत में बेटे ज्ञानेंद्र सिंह के साथ काम कर रहा था। दोनों अपने काम में व्यस्त थे। उसी वक्त अरविंद कुमार सिंह वहां पहुंच गया और विवाद करने लगा।

बताया गया है कि विवाद इतना बढ़ गया कि अरविंद ने टंगिया उठाया और मनमोहन सिंह पर हमला कर दिया। ये देखकर ज्ञानेंद्र सिंह अपने पिता को बचाने दौड़ा। लेकिन अरविंद ने उस पर भी हमला कर दिया। जिससे ज्ञानेंद्र भी घायल हो गया।

वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। इसके बाद बाप-बेटे किसी तरह से घायल अवस्था में ही घर पहुंचे। फिर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां दोनों का उपचार किया जा रहा है। दोनों के शरीर में कई जगह पर काफी चोट आई है। इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।