Friday, April 3, 2026

टीकों की कमी के चलते दो जिलों में आज वैक्सीनेशन बंद, राजधानी में भी वैक्सीन खत्म; 10 जिलों में इक्का-दुक्का केंद्रों पर ही टीकाकरण

छत्तीसगढ़ में टीकाकरण फिर बेपटरी है। टीकों की कमी की वजह से दो जिलों धमतरी और सुकमा में आज टीकाकरण नहीं हो रहा है। राजधानी में भी टीकाकरण शुरू होने के साथ ही खत्म हो गया। वहीं 10 जिले ऐसे हैं जहां इक्का-दुक्का केंद्रों पर टीकाकरण का काम मुश्किल से जारी है। इस बीच केंद्र सरकार ने टीकाकरण अभियान के लिए वैक्सीन की नई खेप भेजी है।

छत्तीसगढ़ में टीकाकरण अभियान पिछड़ता जा रहा है। इसके पीछे टीकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने को बताया जा रहा है। केंद्र सरकार ने अगस्त के लिए 19 लाख 90 हजार 890 डोज आवंटित हुआ है। इसमें कोवीशील्ड की 17 लाख 45 हजार 890 डोज और कोवैक्सिन की 2 लाख 45 हजार डोज शामिल हैं। कल तक छत्तीसगढ़ में इस आवंटन से केवल 70 हजार डोज मिल पाई थी। उसे जिलों में भेजा गया है। लेकिन यह पर्याप्त साबित नहीं हुई। आज प्रदेश भर में केवल 1 हजार 107 केंद्रों पर टीकाकरण शुरू हुआ। इसमें सुकमा और धमतरी जिलों के कोई केंद्र शामिल नहीं था।

रायपुर जिले में केवल 37 केंद्रों पर टीकाकरण शुरू हुआ। दोपहर तक कई केंद्रों पर टीका खत्म होने की सूचना है। लोगों को केंद्रों से निराश लौटना पड़ा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है, छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन 3.5 लाख से 4 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने की क्षमता है। समय पर टीका उपलब्ध नहीं हो पाने की वजह से इसका उपयोग नहीं हो पा रहा है।

इस बीच रायपुर हवाई अड्डे पर को-वैक्सीन टीके के 20 बॉक्स पहुंचे हैं। राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. वीआर भगत ने बताया आज को-वैक्सीन की एक लाख एक हजार डोज मिली है। शाम तक कोविशील्ड के तीन लाख डोज और मिल जाएंगे। डॉ. भगत ने बताया, इसे जिलों को भेजा जाएगा। एक-दो दिनों में जिलों में टीकाकरण की गति सामान्य हो जाएगी।