Monday, April 6, 2026

तंत्र-मंत्र से नोट 100 गुना करने का झांसा, साढ़े तीन लाख की ठगी

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र से पैसे 100 गुना करने का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। दो शातिर ठगों ने जमीन कारोबारी से 3.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को शहर छोड़कर भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

गुढ़ियारी के साहू पारा निवासी कारोबारी रुस्तम कुर्रे ने पुलिस को बताया कि ठगों ने पूठा-पाठ के नाम पर असली नोट लेकर नकली चिल्ड्रन नोटों से भरा थैला थमा दिया और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी राहुल भारती और उसके साथी तथाकथित तांत्रिक मयंक दास के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि यह किसी बड़े गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं, जिसने अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया हो।