Monday, September 21, 2026

*-तंबाकू ऐड के लिए अक्षय ने माफी मांगी:एक्टर ने कहा- इससे मिला पैसा नेक काम में लगाउंगा, फैंस के रिस्पांस ने झकझोर दिया

बॉलीवुड सुपर स्टार अक्षय कुमार को अजय देवगन और शाहरुख खान के साथ पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन की वजह से काफी ट्रोल किया जा रहा था। अब अक्षय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस ऐड के लिए माफी मांगी है। बॉलीवुड सुपर स्टार ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक माफीनामा पोस्ट किया है।

मैं तंबाकू का समर्थन नहीं करता
अक्षय कुमार ने माफीनामे में लिखा- मैं अपने सभी फैंस और शुभचिंतकों से माफी मांगना चाहता हूं। बीते कुछ दिनों में आप के रिस्पांस ने मुझे झकझोर दिया। मैं तंबाकू का समर्थन नहीं करता। आप सभी ने जिस तरह विमल इलायची के साथ मेरे जुड़ाव पर अपनी भावनाएं जाहिर की मैं उनका सम्मान करता हूं।

खिलाड़ी कुमार ने आगे लिखा- मैं पूरी विनम्रता के साथ इससे पीछे हटता हूं। मैंने इस विज्ञापन से मिलने वाली सारी रकम को किसी नेक काम में लगाने का फैसला किया है। कानूनी वजहों से इस विज्ञापन को तय वक्त तक प्रसारित करने का कॉन्ट्रैक्ट है। हालांकि, मैं आगे से सावधान रहने का वादा करता हूं।