Tuesday, March 10, 2026

तेज रफ्तार क्रूजर ने बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर, युवक की मौत

बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार क्रूजर वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवतियों समेत एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसा ग्राम रोहासी रोड पर पलारी से करीब 3 किलोमीटर आगे हुआ। तेज रफ्तार क्रूजर वाहन ने पहले एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक कार के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित वाहन ने एक स्कूटी को भी टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोग सवार थे, जो आपस में भाई-बहन बताए जा रहे हैं।

हादसे में घायल सभी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बलौदाबाजार रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू कर दी है।