Wednesday, May 6, 2026

दर्दनाक हादसा: प्रेमी-प्रेमिका ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, मचा हड़कंप

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। डौंडी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के प्रेमी-प्रेमिका ने पैसेंजर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसा इतना भीषण था कि युवक का एक हाथ और सिर धड़ से अलग हो गया, जबकि युवती की भी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान ग्राम कुम्हालोरी निवासी जितेश्वर हल्बा (23) और ग्राम साल्हे की लिलिशा उइके (17) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती 10वीं कक्षा की छात्रा थी। घटना सुबह करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है।

प्रेम प्रसंग की बात सामने आई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। मंगलवार शाम से युवती लापता थी, जिसके बाद परिजनों ने डौंडी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

ट्रेन के सामने लेट गए दोनों
जानकारी के मुताबिक दल्लीराजहरा–अंतागढ़ रेल मार्ग पर सलहाईटोला स्टॉपेज के पास पैसेंजर ट्रेन क्रमांक 78823 के सामने दोनों कपल लेट गए। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना लोको पायलट ने आरपीएफ को दी, जिसके बाद आरपीएफ और डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

घटनास्थल से बाइक बरामद
मौके से कुछ दूरी पर CG 07 LU 9886 नंबर की बाइक भी बरामद हुई है, जो मृतक युवक की बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दे दी है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।