Thursday, October 22, 2026

दिल दहला देने वाली घटना: 3 माह के बच्चे के लिए स्वेटर मांगने पर पत्नी को जलाने की कोशिश, 30% झुलसी महिला

मासूम बच्चे के लिए स्वेटर लेने कहना पड़ा भारी, पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर पति ने की जलाने की कोशिश, अस्पताल में इलाज जारीधमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के संबलपुर से घरेलू विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन माह के मासूम बच्चे के लिए स्वेटर लेने की बात कहने पर पति ने अपनी पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग लगाने की कोशिश की। इस घटना में महिला करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आर्थिक तंगी को लेकर पति-पत्नी के बीच होता था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेणुका की शादी करीब एक साल पहले संबलपुर निवासी बलराम से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच आर्थिक परेशानियों को लेकर विवाद होता रहता था। घटना से पहले भी किसी लोन से जुड़े मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

बच्चे के लिए स्वेटर मांगने पर विवाद बढ़ने का आरोप

बताया जा रहा है कि विवाद के बाद रेणुका ने अपने तीन माह के बच्चे के लिए उसके पिता से स्वेटर लेने की बात कही। आरोप है कि इस बात पर पति गुस्से में आ गया और उसने पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। घटना में महिला करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई।

जिला अस्पताल में महिला का इलाज जारी

घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।