Monday, October 26, 2026

दुष्कर्म पीड़िता के पति से पुलिस ने मांगा मुर्गा

जशपुर में रेप पीड़िता के पति ने पुलिस पर केस दर्ज करने के एवज में 5 हजार और मुर्गा मांगने के आरोप लगाए हैं। महिला के पति के अनुसार 2 दिसंबर को उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म हुआ। इस घटना के बाद वह जशपुर के पंड्रापाठ चौकी केस दर्ज कराने गए। उस दौरान चौकी प्रभारी ने उससे पैसों और एक मुर्गा की मांग की।

पीड़ित ने बताया कि उसने चौकी प्रभारी को 500 रुपए दिए। जिसके बाद मेडिकल जांच के लिए बगीचा अस्पताल उसकी पत्नी को ले जाया गया। पति ने यह शिकायत एसपी से की। वहीं एसपी शशिमोहन सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया है।

पति ने एसपी की शिकायत।
पति ने एसपी की शिकायत।

किराए के वाहन में जांच के लिए ले गया

पति का कहना है कि दूसरे दिन उसकी पत्नी को जांच कराने के लिए फिर ले जाया गया। इस दिन उसके कपड़ों की जांच की गई। इस दौरान उसे अपनी पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए 1500 रुपए पर किराए का वाहन लेना पड़ा।

600 रुपए का मुर्गा खरीदकर दिया

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने 500 रुपए के साथ ही 600 रुपए में खरीदा गया मुर्गा भी उससे ले लिया। पति ने कहा कि मैं विशेष पिछड़ी जनजाति से ताल्लुक रखता हूं। मैंने अपनी जमीन गिरवी रखकर 10 हजार रुपए लिए थे, जिसमें से 9 हजार रुपए खर्च हो गए। थाना प्रभारी ने मुझसे रिश्वत ली है।

जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह ने आरोपों को गलत बताया है।