देह व्यापार का भंडाफोड़, होटल ट्रिनिटी के स्पा सेंटर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले में अवैध देह व्यापार के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शहर के होटल ट्रिनिटी की सातवीं मंजिल में संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कोतरा रोड स्थित होटल ट्रिनिटी के स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। करीब शाम 7:30 बजे पुलिस टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी।

पाइंटर भेजकर की गई पुष्टि, फिर पड़ी रेड

कार्यवाही के तहत पहले एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर निर्धारित रकम देकर स्पा सेंटर भेजा गया। पाइंटर से संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। इस दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं मिलीं। महिलाओं की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों द्वारा तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।

संचालक ने कबूला जुर्म

पूछताछ में स्पा सेंटर संचालक विनयकांत बरगट ने स्वीकार किया कि ग्राहकों को आकर्षित करने और अवैध कमाई के उद्देश्य से लड़कियां उपलब्ध कराई जाती थीं। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया।

नगदी, मोबाइल और दस्तावेज जप्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल,

  • नगदी 6,000 रुपये (पुलिस पाइंटर द्वारा दी गई राशि),

  • स्पा सेंटर से संबंधित दस्तावेज,

  • ग्राहकों का रजिस्टर

  • तथा वर्ष 2024 से किरायानामा जप्त किया है।

पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में थाना कोतवाली रायगढ़ में अपराध क्रमांक 36/2026 के तहत धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (पीटा) अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. विनयकांत बरगट, पिता विट्ठलराव, उम्र 43 वर्ष, निवासी मकान नं. 41/बी, जोन-2 लोहिया रोड, एकता चौक के पास, वार्ड नं. 14 कैलाश नगर मिलाई, जिला दुर्ग (छ.ग.), हाल मुकाम – होटल ट्रिनिटी, कोतरारोड, रायगढ़।

  2. देवेन्द्र सिंह, पिता प्रीतम सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी बीडपारा, थाना सिटी कोतवाली, रायगढ़।