
बिलासपुर में कांग्रेस से नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां एक CMO ने कांग्रेस नेताओं पर उन्हें बंधक बनाने, गाली-गलौज करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। CMO का आरोप है कि इन सब के बाद जब वो पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो पुलिस ने भी पहले उन्हें 3 घंटे इंतजार करवाया। इसके बाद आखिर में पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मल्हार का है।
शुक्रवार को मल्हार नगर पंचायत में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी गिरीश कुमार चंद्रा ऑफिस में बैठकर काम निपटा रहे थे। तभी दोपहर करीब 3 बजे कांग्रेस नेता व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार कैवर्त्य ने उन्हें दो बार अपने कक्ष में बुलाया। उस समय अध्यक्ष के चेंबर में नगर पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण कांत, एल्डरमेन अमित पांडेय, नवीन अग्रवाल, पार्षद रामफल भारद्वाज, मनमोहन कैवर्त्य, दुर्गेश कैवर्त्य व विष्णु कैवर्त्य मौजूद थे। नगर पंचायत अध्यक्ष के बुलाने पर गिरीश कुमार चंद्रा उनके चेंबर में चले गए थे।
