दुर्ग (छत्तीसगढ़)। जिले में 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की कोशिश के मामले को लेकर रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उतई थाना क्षेत्र के मिनी माता चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हालात उस वक्त बिगड़ गए, जब कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की और खींचतान हुई। इसी दौरान पुतला दहन के समय एक आरक्षक आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने साथ गृहमंत्री के तीन पुतले लेकर पहुंचे थे। पुलिस ने पहले ही दो पुतलों को जब्त कर नष्ट कर दिया था, ताकि पुतला दहन न हो सके। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने पहले से योजना बनाकर एक पुतला अलग वाहन में छिपाकर रखा था।
मौका मिलते ही कार्यकर्ताओं ने अचानक पुतले पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने के बाद पुतला जलता हुआ नाली में जा गिरा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पानी और रेत डालकर आग पर काबू पाया।
10 फीसदी तक झुलसा आरक्षक
पुतले को जलने से रोकने की कोशिश कर रहे आरक्षक गिरधर मंडावी इस दौरान आग की चपेट में आ गए। वे सिविल ड्रेस में ड्यूटी पर तैनात थे। आग लगते ही उन्होंने अपनी शर्ट उतारी, लेकिन तब तक उनके हाथ में जलन हो चुकी थी।
आरक्षक का हाथ करीब 10 प्रतिशत तक झुलस गया है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घायल आरक्षक को पहले उतई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया।
फिलहाल उनका सेक्टर-9 अस्पताल के बर्न यूनिट में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना में एक अन्य पुलिसकर्मी को भी हल्की चोटें आई हैं।
आरोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग
इधर, इस मामले में छत्तीसगढ़ महार समाज ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर पुलिस को आवेदन सौंपा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।









