Saturday, October 3, 2026

प्रदूषण की चपेट में दीपका: श्रमिक नेता अजय राठौर ने उठाई सवाल—जिम्मेदार कौन?

दीपका दीपका नगर क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। श्रमिक नेता एवं समाजसेवी अजय राठौर ने क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर शासन-प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि दीपका और गेवरा क्षेत्र चारों ओर से कोयला खदानों और वासरी से घिरा हुआ है, जिससे पूरा शहर धूल और डस्ट की चपेट में आ गया है।

अजय राठौर ने कहा कि दीपका नगर पालिका क्षेत्र आज बीमारी का घर बनता जा रहा है। सड़क किनारे दिन-रात दौड़ते बड़े-बड़े कोयला ट्रक, वासरी से उड़ती धूल और खदानों की सक्रियता ने आमजन के जीवन को प्रभावित कर दिया है।

उन्होंने बताया कि शाम होते ही वासरी की धूल पूरे वातावरण को ढंक लेती है, जिससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होती है। वहीं सुबह मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को कोहरे की जगह डस्ट की चादर का सामना करना पड़ता है।

राठौर ने कहा कि रोडलाइंस से गुजरने वाले ट्रकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यातायात और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि शासन और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर तत्काल ध्यान दें और क्षेत्रवासियों को प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाएं।

स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से नियमित सड़क की सफाई, पानी का छिड़काव और ट्रकों पर ढकाव अनिवार्य करने जैसी मांगें की हैं। अगर समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो दीपका जैसे क्षेत्र में जीवन कठिन होता चला जाएगा।