Tuesday, March 10, 2026

प्रेमी-प्रेमिका की संदिग्ध मौत: किराए के मकान में फांसी पर लटके मिले दोनों, इलाके में सनसनी

कमरे से आई लड़ने की आवाज, कुछ देर बाद युवक-युवती की मिली लाशदंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा शहर में एक युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों किराए के मकान में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार युवक गीदम ब्लॉक के मड़से गांव का रहने वाला था, जबकि युवती गीदम के नयापारा की निवासी बताई जा रही है। दोनों दंतेवाड़ा शहर में एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि घटना से पहले घर के अंदर से दोनों के बीच झगड़े और बहस की आवाजें सुनाई दे रही थीं। कुछ देर बाद अचानक आवाजें बंद हो गईं, जिससे पड़ोसियों को संदेह हुआ। जब पड़ोसियों ने खिड़की का पर्दा हटाकर देखा तो दोनों फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि परिवार के सदस्यों और परिचितों से पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी। वहीं इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।