Tuesday, April 14, 2026

प्लास्टिक बोतल में पहुंची देसी शराब: पुराना स्टॉक खत्म होते ही नई सप्लाई शुरू

रायपुर। आबकारी विभाग के नए नियम के तहत अब राज्य की शराब दुकानों में देशी और सस्ती रेंज की शराब कांच की बजाय प्लास्टिक बोतलों में बेची जाएगी। यह नियम 1 अप्रैल से लागू हो चुका है, हालांकि अब जाकर इसकी जमीनी स्तर पर शुरुआत हुई है।

सोमवार को रायपुर जिले में ‘शेरा’ और ‘शोले’ ब्रांड की देशी शराब की पहली खेप प्लास्टिक बोतलों में पहुंची। इसके साथ ही उन दुकानों में नई सप्लाई शुरू कर दी गई है, जहां पुराना स्टॉक खत्म हो चुका है या खत्म होने की कगार पर है।

आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में कांच की बोतलों में उपलब्ध देशी शराब का स्टॉक अब महज एक-दो दिन का ही बचा है। इसके बाद सभी दुकानों में केवल प्लास्टिक बोतलों में ही देशी और चीप रेंज की शराब उपलब्ध होगी।

जिला आबकारी अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि फिलहाल दो कंपनियों ने ही प्लास्टिक बोतलों में सप्लाई शुरू की है और पहली खेप जिले में पहुंच चुकी है। जैसे-जैसे नई सप्लाई आएगी, दुकानों में भंडारण और वितरण किया जाएगा।