Sunday, April 26, 2026

बड़ी खबर: कोरबा कलेक्टर पर भड़के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर, CM हाउस के सामने धरने का ऐलान

कोरबा/रायपुर, 27 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री निवास के सामने धरने पर बैठने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने यह कदम कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग पूरी नहीं होने पर उठाया है।

22 सितंबर को ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कलेक्टर को तीन दिन के भीतर हटाने की मांग की थी। चार पन्नों के पत्र में उन्होंने 14 बिंदुओं पर गंभीर आरोप लगाए थे और कलेक्टर को “हिटलर” तक कहा था। लेकिन निर्धारित समय सीमा गुजरने के बाद भी कार्रवाई न होने पर वे अब धरने की राह पकड़ने वाले हैं।

इस बार रायपुर कलेक्टर को लिखे पत्र में ननकीराम कंवर ने धरने की जानकारी देते हुए कहा कि उनकी शिकायतों पर जानबूझकर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में शराब, कोयला, दवा खरीदी और पीएससी भर्ती जैसे घोटालों का खुलासा उन्होंने ही किया था, जिसके बाद दोषियों पर कार्रवाई भी हुई थी। लेकिन मौजूदा मामले में चुप्पी यह दर्शाती है कि अधिकारी मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं।

ननकीराम कंवर के इस ऐलान के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है और ब्यूरोक्रेसी में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। अब देखना यह होगा कि पार्टी स्तर पर समय रहते डैमेज कंट्रोल होता है या पूर्व गृहमंत्री अपनी जिद पर अड़े रहते हैं।