केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) की योजना के तहत कोरबा समेत छत्तीसगढ़ के नारायणपुर, कोण्डागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा और महासमुंद में एक-एक नवीन आदर्श कॉलेज खोलने की घोषणा की थी, जिसका वर्चुअल भूमिपूजन जुलाई 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की थी। कॉलेज भवन बनाने का काम निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी ने शुरू कर दिए। कोविड 19 के कारण निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिसके कारण भवन अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
कॉलेज के लिए 12 करोड़ रुपए की मंजूरी मिली है। भवन बनाने के लिए अभी 6 करोड़ रुपए मिल पाए हैं, 4 करोड़ रुपए दूसरी किश्त में मिलने हैं। 2 करोड़ रुपए में कॉलेज में संसाधन जुटाए जाने हैं। इस नवीन आदर्श कॉलेज को अब स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम कॉलेज कर दिया है। इसमें शैक्षणिक सत्र 2022-23 से ही प्रवेश देने व अध्ययन अध्यापन शुरू करने के लिए उच्च शिक्षा संचालनालय के अपर संचालक ने संभाग स्तर पर क्षेत्रीय अपर संचालकों को पत्र भेज दिए हैं। मॉडल कॉलेज के नोडल लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरके सक्सेना ने बताया कि किस कॉलेज में अंग्रेजी माध्यम शुरू होना है, इकसे लिए प्रशासकीय मंजूरी मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
25 जून 18 को बरपाली उप तहसील के बंजारी गांव में 5 एकड़ जमीन का चिह्नांकन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर सर्वे टीम ने स्थल पर पहुंच कर की थी। सर्वे टीम में सहायक प्राध्यापक डॉ. सुलोचना हबलानी सहित लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ.आरके सक्सेना व एनआईसी के अफसर शामिल थे।
नए कोर्स पर रहेगा फोकस
आदर्श महाविद्यालय में रोजगारपरक कोर्स शुरू करने पर फोकस है, जहां यूजीपीजी की संकायों के साथ ही व्यवसायिक पाठ्यक्रम से पढ़ने वाले छात्रों को स्किल इंडिया की मदद से डिग्री लेते ही किसी न किसी रोजगार से जोड़ने की संभावना पर जोर देने की पहल की थी।











