Tuesday, August 4, 2026

बलौदाबाजार में कलेक्टर के सामने युवक ने खाया जहर:बैंक ने लोन की अर्जी निरस्त कर दी थी, नाराज होकर जनचौपाल में उठाया आत्मघाती कदम

बलौदाबाजार जिले के कलेक्टर ऑफिस में मंगलवार को चल रही जन चौपाल में उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टर के सामने एक युवक ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। आनन-फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया गया है कि युवक की लोन की अर्जी बैंक से निरस्त हो गई थी, जिससे वह नाराज था। कलेक्टर ने ADM को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

 

मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर ने जन चौपाल लगाई थी। इसमें गाड़ापाली निवासी रोहनदास मानिकपुरी भी पहुंचा था। दोपहर के करीब 12 से एक बजे के बीच वह कलेक्टर के सामने पहुंचा। उसने जेब से कीटनाशक दवा निकाली और कलेक्टर के सामने खा ली। उस वक्त उसने अपना एक आवेदन कलेक्टर के टेबल पर भी रख दिया था।