Sunday, September 27, 2026

बाइक को टक्कर मार 10 किमी घसीट ले गया ट्रेलर:पॉलिटेक्निक के रिटायर्ड कर्मचारी की मौत; छोड़कर भागा ड्राइवर तो JCB से निकलवानी पड़ी बाइक

बिलासपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई। रिटायर्ड कर्मी रविवार की सुबह सैलून जाने के लिए निकले थे, तभी रास्ते में मेन रोड में ट्रेलर ने उन्हें चपेट में ले लिया। इस हादसे मे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे सड़क से दूर फेंका गए। इधर, उनकी बाइक ट्रेलर के सामने पहिए में फंस गई, जिसे घसीटते हुए चालक करीब 10 किलोमीटर तक ले गया, जहां वह ट्रेलर छोड़कर भाग निकला। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।

ग्राम तुर्काडीह निवासी सुखलाल पटेल (65) तखतपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में पदस्थ थे। तीन साल पहले रिटायर्ड होने के बाद वह गांव में खेती करते थे। रविवार की सुबह करीब सात बजे अपनी बाइक क्रमांक CG 10 AU 6225 में सवार होकर सैलून जाने के लिए बाजार चौक तरफ जा रहे थे। अभी वे तुर्काडीह बस्ती के पास पहुंचे थे। तभी सकरी बाइपास रोड से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG 12 AY 7299 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सुखलाल बाइक से उछल कर सड़क के दूर जा गिरे। इस हादसे में उनकी सिर में गंभीर चोंटें आई।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
इस हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, तब तक आरोपी चालक ट्रेलर लेकर भाग गया था। मौके पर उनकी गाड़ी भी नहीं थी। ग्रामीणों ने उनकी पहचान कर परिजन को सूचना दी। तब उन्हें तत्काल इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया, जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई।