
कोरबा। कोरबा जिले के बालको नगर कॉलोनी में देर रात भालू को घूमते देखा गया है। भालू के कालोनी में विचरते हुए वीडियो दिखने के बाद कालोनी में दहशत का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि भालू खाने की तलाश में जंगल से भटककर शहर की ओर आ पहुंचा है। इस घटना के बाद कॉलोनी की देख- रेख में नाइट शिफ्ट कर रहे कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि रात में कई बार भालू यहां आ चुका है। कुछ दिनों पहले ही कॉफी प्वाइंट के पास कुछ युवकों ने रात के करीब 12 बजें एक तेंदुए को देखा था। तभी से शहर के लोगों में दहशत बना हुआ है और देर रात घर से निकलने से लोग डरने लगे हैं। अब कालोनी में भालू को घूमते देखे जाने के बाद कॉलोनी वालों ने इस बात की सूचना वन-विभाग को दे दी है। विभाग जांच में जुंटी हुई है। कॉलोनी वालों का कहना है कि बालको में लगातार जंगली जानवर विचरण कर रहे हैं।











