Friday, June 26, 2026

बिलासपुर: लॉकअप में युवक ने ब्लेड से खुद को किया घायल, चाकू के साथ पकड़ा गया था आरोपी

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब लॉकअप में बंद एक युवक ने कथित तौर पर ब्लेड से खुद को घायल कर लिया। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने दबाव बनाने की नीयत से खुद को चोट पहुंचाई है। मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा क्षेत्र में आयोजित शेख खलील डल्ला नाच कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस ने एक युवक को संदिग्ध हालत में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब से एक चाकू बरामद हुआ। आरोपी की पहचान रामा कुर्रे के रूप में हुई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने के लॉकअप में रखा गया।

पुलिस के मुताबिक, लॉकअप में बंद रहने के दौरान आरोपी से मिलने उसकी परिचित महिला मधु और एक नाबालिग लड़का पहुंचे थे। मुलाकात के कुछ समय बाद आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखे ब्लेड के छोटे टुकड़े से अपने हाथ और सीने पर वार कर खुद को घायल कर लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ब्लेड का छोटा टुकड़ा अपने मुंह के किनारे छिपाकर रखा था और उसी का इस्तेमाल कर खुद को चोट पहुंचाई। पुलिस का कहना है कि आरोपी पूरी तरह होश में है और उसने स्वयं स्वीकार किया है कि चोट उसने खुद पहुंचाई है।

पुलिस के अनुसार, रामा कुर्रे के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, घटना के बाद आरोपी से मिलने आई महिला और उसके साथ आए नाबालिग की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लॉकअप के भीतर ब्लेड कैसे पहुंचा और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।