कोरबा, 12 अप्रैल 2025। कोरबा में मानिकपुर खदान से बालको जा रही कोयले से भरी मालगाड़ी का पांचवां डिब्बा पटरी से उतर गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना शारदा विहार और टीपी नगर फाटक के बीच की है।
सूत्रों के अनुसार, डिब्बे के पहिए पटरी से उतरने के बावजूद ट्रेन कुछ दूर तक चलती रही, जिससे पटरी और पहिए दोनों को नुकसान पहुंचा। जैसे ही चालक को इसकी जानकारी मिली, उसने तुरंत मालगाड़ी रोक दी और रेलवे प्रबंधन को सूचना दी।
घटना के वक्त शारदा विहार फाटक बंद था, और पटरी से उतरने के बाद मालगाड़ी फाटक के बीच में ही फंस गई। इससे आमजन की आवाजाही प्रभावित हुई और मौके पर भीड़ जमा होकर हंगामा करने लगी। हालांकि गेटमैन द्वारा सही जानकारी देने के बाद मामला शांत हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस फाटक पर मालगाड़ियों का आवागमन अधिक होता है, जिससे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है और आमजन को भारी परेशानी होती है। वे कई बार अंडरब्रिज की मांग भी कर चुके हैं।
रेलवे और बालको प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। यह दुर्घटना बालको की दूसरी लाइन पर हुई है, जिससे इस मार्ग पर कोयला परिवहन पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे रेलवे और बालको को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।









