कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में रिहायशी इलाकों में भालुओं की लगातार बढ़ती आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल है। खाने की तलाश में भालू अब घरों तक पहुंचने लगे हैं। गोविंदपुर में एक भालू घर के किचन में घुस गया, जबकि सरंगपाल की रामेश्वरम कॉलोनी में दो भालुओं ने कई घरों में घुसने की कोशिश की और दरवाजे तोड़ने का प्रयास किया।
किचन में भालू देखकर सहमा परिवार
गोविंदपुर इलाके में रात के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान किचन से बर्तनों और सामान के गिरने-खिसकने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर परिवार के लोग सतर्क हुए और जब किचन की ओर जाकर देखा तो अंदर भालू मौजूद था।
भालू की नजर जैसे ही परिवार के सदस्यों पर पड़ी, वह उनकी ओर झपटने लगा। इससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत अपने कमरों के दरवाजे बंद कर खुद को सुरक्षित किया। कुछ देर बाद भालू खुद ही घर से बाहर निकलकर चला गया।
रामेश्वरम कॉलोनी में दो भालुओं ने मचाया हड़कंप
इसी तरह सरंगपाल स्थित रामेश्वरम कॉलोनी में भी रात करीब 2 बजे दो भालुओं की मौजूदगी से लोगों में हड़कंप मच गया। भालू कॉलोनी के कई घरों में घुसने का प्रयास करते रहे।
बताया गया कि दोनों भालुओं ने घरों के दरवाजे तोड़ने की भी कोशिश की। भालुओं की आवाजाही से कॉलोनी के लोगों में डर का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क किया और घरों से बाहर निकलने से बचते रहे।
वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर खदेड़ा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कॉलोनीवासियों के साथ मिलकर भालुओं को रिहायशी इलाके से दूर खदेड़ा। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
लगातार रिहायशी इलाकों में भालुओं के पहुंचने से क्षेत्रवासियों में चिंता बढ़ गई है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और भालुओं की आवाजाही पर नजर रखने की मांग की है।











