Saturday, May 9, 2026

भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक भिड़ंत में 3 युवकों की मौके पर मौत, इलाके में पसरा मातम

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरडीह गांव के पास आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव (20 वर्ष) पिता मिनेन्द्र यादव, राहुल सेवता (20 वर्ष) पिता सावंत सेवता, दोनों निवासी सीर्राभाठा तथा नरेंद्र भुआर्य (21 वर्ष) पिता पुरषोत्तम भुआर्य निवासी ग्राम मुड़खुसरा के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि तीनों युवक मोटरसाइकिल से देवरी की तरफ से डौंडीलोहारा आ रहे थे। इसी दौरान खैरडीह गांव के पास दोनों वाहनों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।