बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास बॉक्साइट लोड ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सात मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है।
शंकरगढ़ जा रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, हादसा राजपुर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि पिकअप में चालक समेत 11 मजदूर सवार थे। सभी मजदूर प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और काम के सिलसिले में शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 2 बजे सेवारी स्कूल के पास सामने से आ रहे बॉक्साइट लोड ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि कुछ वाहन के अंदर फंस गए।
तीन मजदूरों की मौके पर मौत, 7 गंभीर घायल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव शुरू किया। दुर्घटना में पिकअप सवार तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को राजपुर सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी सात घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान की जा रही
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शव फिलहाल राजपुर अस्पताल में रखे गए हैं। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान और उनके पते की पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दोनों वाहन जब्त, जांच शुरू
राजपुर पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, वाहनों की गति कितनी थी और हादसे के पीछे अन्य कोई कारण था या नहीं, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
भीषण हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











