Sunday, April 12, 2026

मंदिर में तोड़फोड़ और धार्मिक झंडा जलाने से आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस

जशपुर। जिले के आस्ता थाना क्षेत्र अंतर्गत धरधरी गांव स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर में तोड़फोड़ और धार्मिक झंडा जलाने की घटना सामने आई है। सोमवार सुबह जब स्थानीय लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा खंडित और झंडे जले हुए देखकर आक्रोशित हो गए।

बताया जा रहा है कि रविवार रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर में घुसकर माता की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया और परिसर में लगे धार्मिक झंडों को आग के हवाले कर दिया। घटना से गांव में भारी आक्रोश का माहौल है। खासकर नियमित पूजा करने वाली महिलाएं इस घटना से भावुक हो गईं और कई की आंखें नम हो गईं।

सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए एसपी को ज्ञापन सौंपा।

वहीं, एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।