
29 मई को सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के बाद कातिलों ने जमकर जश्न मनाया था। पुलिस ने इसका वीडियो अंकित सेरसा के मोबाइल से बरामद किया है। वीडियो में शार्प शूटर प्रियवर्त फौजी कार की आगे वाली सीट पर बैठा हुआ है और सचिन भिवानी कार चला रहा है। शार्प शूटर अंकित सेरसा और दीपक मुंडी के साथ कपिल पंडित पीछे बैठे हथियार लहरा रहे हैं।
यह सब हत्या का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। कार में पंजाबी गाना चल रहा है और यह सब किसी खेत वाले रास्ते से जा रहे हैं। जिन हथियारों की कातिल शार्प शूटर्स नुमाइश कर रहे हैं, उनका इस्तेमाल मूसेवाला की हत्या में हुआ था। वीडियो में पांचों आरोपी 15 से ज्यादा पिस्टल लहराते दिख रहे हैं।
अभी तक की जांच में पता चला कि मूसेवाला की हत्या में 6 शार्प शूटर्स शामिल थे। इनमें प्रियवर्त फौजी, अंकित सेरसा, दीपक मुंडी, कशिश उर्फ कुलदीप, जगरूप रूपा और मनप्रीत मन्नु कुसा शामिल हैं। इनमें फौजी, कशिश और अंकित सेरसा गिरफ्तार हो चुके हैं। बाकियों की तलाश की जा रही है।
मूसेवाला की हत्या में जो भी हथियार इस्तेमाल हुए, उन्हें 2 दिन बाद यानी एक जून को कोई अनजान शख्स लेकर चला गया। इसकी भी पहले से ही प्लानिंग की गई थी। जिसके तहत यह हथियार गायब कर दिए गए। दिल्ली पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वहीं कत्ल में इस्तेमाल AK 47 के बुलंदशहर से खरीदे जाने की पुष्टि नहीं की गई। इतना जरूर कहा गया कि दिल्ली पुलिस को अहम इनपुट मिले हैं।











