तेहरान/मशहद। US-इजरायल जंग के बीच मारे गए ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को देश के पवित्र शहर मशहद में दफनाने की तैयारी की जा रही है। ईरान की सेमी-ऑफिशियल फार्स न्यूज़ एजेंसी के हवाले से एएफपी ने बताया है कि खामेनेई को उनके जन्मस्थान मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी तेहरान में उनके सम्मान में तीन दिन का विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया ईरानी समयानुसार रात 10 बजे से शुरू होगी। तेहरान स्थित इमाम खुमैनी मस्जिद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों और सरकारी प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
इमाम रज़ा दरगाह के पास दफनाने की तैयारी
मशहद ईरान का दूसरा सबसे बड़ा शहर और प्रमुख धार्मिक केंद्र है। यहां स्थित इमाम रज़ा दरगाह शिया मुसलमानों के लिए अत्यंत पवित्र तीर्थस्थल माना जाता है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। बताया जा रहा है कि खामेनेई को इसी दरगाह परिसर के भीतर दफनाया जाएगा, जहां उनके पिता भी दफन हैं।
नए सुप्रीम लीडर का ऐलान दफन के बाद
ईरान के अगले सुप्रीम लीडर के चयन को लेकर भी हलचल तेज हो गई है। खबरों के अनुसार, कोम में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने नए सुप्रीम लीडर के चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया पूरी कर ली है। 88 सदस्यों वाली यह संस्था ही देश के सर्वोच्च धार्मिक और राजनीतिक पद के लिए चयन करती है। आधिकारिक घोषणा खामेनेई को दफनाने के बाद की जाएगी।
36 साल तक किया नेतृत्व
86 वर्षीय खामेनेई ने करीब 36 वर्षों तक ईरान का नेतृत्व किया। हाल ही में शुरू हुए US-इजरायल हमलों के दौरान उनकी मौत की खबर सामने आई। इस बीच, जंग लगातार जारी है और क्षेत्रीय तनाव चरम पर बना हुआ है।






