Tuesday, June 30, 2026

महाराष्ट्र के गोंदिया में ट्रेन हादसा:मालगाड़ी से टक्कर के बाद पैसेंजर ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतरा, यात्री घायल

महाराष्ट्र के गोंदिया में मंगलवार रात करीब 2.30 बजे एक पैसेंजर ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया। हादसे में 2 लोग घायल हुए। दुर्घटना मालगाड़ी और पैसेंजर ट्रेन के बीच टक्कर के कारण हुई। किसी यात्री की मौत की सूचना नहीं है। ट्रेन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से राजस्थान के जोधपुर जा रही थी।

हादसे के वक्त गहरी नींद में थे यात्री

जब हादसा हुआ उस वक्त ट्रेन में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर होते ही हड़कंप मच गया और यात्री ट्रेन से उतर गए। कुछ देर यातायात बाधित हुआ। हादसे का कारण सिग्नल न मिलना बताया जा रहा है।

 

3 घंटे बाद शुरू हो सका रेल यातायात

भारतीय रेलवे ने कहा कि हादसे के बाद सुबह 4.30 बजे री-रेलमेंट का काम पूरा हुआ। जो पैसेंजर ट्रेन हादसे का शिकार हुई थी, वो सुबह 5.24 बजे रवाना हुईं और सुबह 5.44 बजे गोंदिया पहुंची। सुबह 5.45 बजे ट्रैफिक बहाल किया गया।