महाराष्ट्र के हिंगोली की दर्दनाक घटना:नर्स ने 5 हजार से ज्यादा महिलाओं की करवाई सफल डिलीवरी, अपनी बारी आई तो हुई मौत

38 साल की एक नर्स ने अपने अब तक के करियर में 5 हजार से ज्यादा सफल डिलीवरी करवाई, लेकिन जब खुद की डिलीवरी की बारी आई तो वह दुनिया को अलविदा कह गई। यह दुखद घटना महाराष्ट्र के हिंगोली जिले की है।

 

दरअसल, ज्योति गवली ने 2 नवंबर को हिंगोली सिविल अस्पताल में अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया। डिलिवरी के बाद उनके साथ कुछ कॉम्प्लिकेशंस शुरू हो गए। इसके बाद उन्हें निमोनिया हो गया। इस वजह से उन्हें हिंगोली के सिविल अस्पताल से नांदेड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

यहां आकर भी उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया। हालांकि, वहां भी उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और लगातार गिरते स्वास्थ के बाद आखिरकार रविवार को उनकी मौत हो गई।

 

बेहद मिलनसार व्यक्तित्व की थीं ज्योति

वे हिंगोली सिविल अस्पताल के ‘डिलीवरी वार्ड’ में तैनात थीं। उनके बारे में हॉस्पिटल की ओर से बताया गया कि बेहद मेहनती और हंसमुख स्वभाव की ज्योति गवली ने 5 हजार से ज्यादा महिलाओं की डिलीवरी करवाई थी। उनके मिलनसार व्यक्तित्व के कारण हॉस्पिटल से जाने के बाद भी कई महिलाएं उनसे मिलने आया करती थीं।