रायपुर । राजधानी पुलिस ने महिलाओं से ठगी करने वाले एक नाइजीरिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक के माध्यम से महिलाओं से दोस्ती कर उन्हें अपना शिकार बनाता था। आरोपी को पुलिस ने दिल्ली से धरदबोचा है।
दरअसल मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। पीड़ित महिला द्वारा थाने में दी गई शिकायत के मुताबिक, कुछ महीनों पहले ही उसके फेसबुक में डाॅ डेनियल डोनाल्ड नामक व्यक्ति का फ्रेंड रिक्वेस्ट आया था, जिसके बाद रिक्वेस्ट एक्सेप्ट कर महिला ने उस व्यक्ति के साथ फेसबुक के माध्यम से बातचीत शुरू की। दोनों में बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला का नंबर लेकर उससे कहा कि वो एक डॉक्टर है और उसे कुछ महंगे गिफ्ट भेज रहा है, जिसे वो रिसीव कर लें। थोड़े दिन बाद पीड़िता के मोबाइल पर एक महिला का फोन आया जो खुद को दिल्ली एयरपोर्ट में कस्टम ऑफिसर बताकर उनके नाम से आया पार्सल छुड़ाने को कहा। सामने वाली महिला ने कहा कि पार्सल में कीमती ज्वेलरी और कैश है, जिसके क्लीयरेंस के बदले में कुछ नगदी देने होंगे।
इसके बाद आरोपी ने अपने अलग-अलग बैंक एकाउंट में महिला से लगभग 24 लाख 96 हजार रुपये ऑनलाईन ट्रांजेक्शन जमा करवा लिये। जब महिला को पैसे देने के बाद भी पार्सल नहीं मिला और आरोपी डेनियल डोनल्ड को काल करने पर उसका मोबाइल स्विच ऑफ आया तो खुद को ठगा हुआ महसूस कर महिला ने इसकी शिकायत खमतराई थाने में दर्ज कराई।









