Monday, June 8, 2026

मृत घोषित युवक में दिखी हलचल, परिजनों में मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिस युवक को एक निजी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था, उसके शरीर में एम्बुलेंस के दौरान अचानक हलचल दिखाई देने लगी। युवक के हाथ-पैर हिलते देख परिजनों में हड़कंप मच गया। हालांकि बाद में दोबारा अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।

 

 

जानकारी के मुताबिक पुरानी भिलाई के देव बलोदा निवासी रामअवतार रात्रे 3 जून को अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे। गिरने से उन्हें गंभीर चोट आई थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए रायपुर के लोधीपारा चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि रामअवतार की पसली में गंभीर चोट लगी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। उपचार के दौरान कुछ समय बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

मृत्यु की सूचना मिलने के बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए घर रवाना हो गए। इसी दौरान एम्बुलेंस में युवक के शरीर में हलचल दिखाई दी और उसके हाथ-पैर हिलने लगे। यह देखकर परिजन घबरा गए और तत्काल उसे वापस अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

बताया जा रहा है कि दोबारा अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद उसने दम तोड़ दिया।

 

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वहीं पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। फिलहाल मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।