Thursday, March 12, 2026

राजनांदगांव में 10 अप्रैल से 9 दिन का लॉकडाउन, सबसे ज्यादा 15 हजार एक्टिव केस दुर्ग में, रायपुर में जरूरी सामानों की कालाबाजारी शुरू

knn24news/ छत्तीसगढ़ में रायपुर और दुर्ग के बाद अब राजनांदगांव में भी 9 दिन का टोटल लॉकडाउन लगा दिया गया है। कोरोना से बिगड़ते हुए हालात को देखते हुए कलेक्टर ने 10 अप्रैल की शाम से लेकर 19 अप्रैल तक लॉकडाउन का निर्णय लिया। वहीं, छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 10,310 नए केस मिले हैं। 53 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 24 लोगों को कोरोना के अलावा दूसरी बीमारियां भी थीं, इसलिए प्रशासन 29 मौतों का कारण ही कोरोना को मान रहा है। बुधवार को 42,289 कोविड टेस्ट किए गए थे। नए मरीजों के मिलने के बाद छत्तीसगढ़ में एक्टिव मरीजों की संख्या 58,883 हो गई है। उधर, रायपुर में लॉकडाउन से पहले ही जरूरी सामानों की कालाबाजारी शुरू हो गई है।

9 टीमों की दुकानदारों पर नजर, रेट ज्यादा मिलने पर होगा एक्शन
संक्रमण की बढ़ती रफ्तार की वजह से दुर्ग जिले में 6 से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन लगा हुआ है। रायपुर में भी शुक्रवार शाम 6 बजे से 10 दिनों के लिए टोटल लॉकडाउन हो जाएगा। इससे पहले ही दुकानदारों ने अचानक जरूरी सामान की कीमतें बढ़ा दी हैं। रायपुर कलेक्टर डॉक्टर एस. भारतीदासन ने कालाबाजारी रोकने अधिकारियों की 9 टीम बनाई हैं। इसमें शामिल अधिकारियों को बाजारों और दुकानों पर नजर रखने को कहा गया है। यदि किसी भी दुकान में सामान की कीमत ज्यादा मिलती है तो टीम दुकानदारों पर कार्रवाई करेगी। कलेक्टर ने बताया कि टीम शुक्रवार शाम तक जांच कर कार्रवाई करेंगी।