Friday, September 25, 2026

रायपुर में 27 गांवों के किसानों का आज मंत्रालय मार्च:प्रशासन ने लोहे-कांक्रीट से बैरिकेडिंग की, धारा-144 लागू; NRDA भवन के सामने 67 दिनों से आंदोलन जारी

नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) भवन के सामने पिछले 67 दिनों से चल रहे किसानों का आंदोलन तीखा हो गया है। नई राजधानी बनने से प्रभावित हुए 27 गांवों के किसानों ने शुक्रवार को मंत्रालय तक मार्च का ऐलान कर दिया है। उनको रोकने के लिए नवा रायपुर की सड़कों पर दिल्ली किसान आंदोलन के दिनाें जैसी बैरिकेडिंग की गई है। रायपुर कलेक्टर सौरभ कुमार ने मंत्रालय और आसपास के क्षेत्रों में धारा 144 लागू कर दी है।राखी थाना चौक से मंत्रालय महानदी भवन और सचिवालय इंद्रावती भवन परिसर तक, पुलिस मुख्यालय चौक से मंत्रालय-संचालनालय भवन तक, शीतला मंदिर चौक से मंत्रालय- संचालनालय भवन तक और पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक से मंत्रालय- संचालनालय भवन तक 4 से अधिक लोगों के इकट्‌ठा होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। नवा रायपुर में कैपिटल कॉम्प्लेक्स की ओर जाने वाली सड़कों को बैरिकेड लगाकर रोक दिया गया है।