Thursday, March 12, 2026

रायपुर में आज भारत–न्यूजीलैंड T20 मुकाबला, स्टेडियम के बाहर जाम, फैंस में जबरदस्त उत्साह

रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 मैच खेला जा रहा है। क्रिकेट लवर में उत्साह दिख रहा है। - Dainik Bhaskarरायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच T20 मुकाबला खेला जा रहा है। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। स्टेडियम के एंट्री गेट शाम 4 बजे से खोल दिए गए, जिसके बाद शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

अटल एक्सप्रेस हाईवे, तेलीबांधा चौक और VIP रोड समेत कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। भारी संख्या में दर्शकों के पहुंचने से यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया।

दूसरे राज्यों से भी पहुंचे क्रिकेट प्रेमी
मैच देखने ओडिशा से आए दर्शक राजेंद्र देव ने बताया कि वे टीम इंडिया को चीयर करने आए हैं और जीत के बाद ही लौटेंगे। उन्होंने कहा कि वे हार्दिक पांड्या की बल्लेबाजी और अभिषेक शर्मा के चौके-छक्के देखने को लेकर काफी उत्साहित हैं। वहीं कई दर्शक अपने परिवार और बच्चों के साथ स्टेडियम पहुंचे। बच्चों ने बताया कि वे हार्दिक पांड्या से मिलने की इच्छा लेकर मैच देखने जा रहे हैं।

ट्रैफिक रूट में बदलाव, भारी वाहनों पर रोक
मैच को देखते हुए प्रशासन ने बाहर से आने वाले दर्शकों के लिए विशेष ट्रैफिक रूट जारी किए हैं, ताकि उन्हें जाम की परेशानी न हो। नया रायपुर क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक मीडियम और भारी वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।

स्टेडियम में लागू हुए नए नियम
छत्तीसगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन ने इस मैच के लिए कुछ नए नियम लागू किए हैं। पहली इनिंग के बाद स्टेडियम में किसी भी दर्शक को प्रवेश नहीं मिलेगा। सीटें ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दी जा रही हैं। इसके अलावा बिना फिजिकल टिकट के किसी को भी स्टेडियम में एंट्री नहीं दी जा रही है।