रायपुर में गूंजा फिलिस्तीनी लोक संगीत:राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुभारंभ, झारखंड के CM हेमंत सोरेन ने कहा- उपेक्षित वर्गों का सम्मान है आयोजन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रंगारंग समारोह के बीच राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आगाज हो गया। तीन दिन के इस समारोह में देश भर के 33 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ 6 विदेशी नर्तक दल भी शामिल है। महोत्सव का उद्घाटन करते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, यह महोत्सव ऐसे वर्गों का सम्मान है जो सदियों से अलग-थलग रहा है। इस कार्यक्रम की विशेष बात रही कि लोगों ने भाषा समझ में नहीं आने के बावजूद दूसरे देशों, राज्यों के लोक संगीत का आनंद उठाया और सुर-ताल में खोए रहे।

हेमंत सोरेन ने कहा, यह देश भर में अपनी तरह का पहला आयोजन है। यह उस समाज के लिए जो शैक्षणिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा रहा है। यह संदेश है कि हम चाहें तो यह वर्ग भी कदम से कदम मिलाकर चल सकता है। उन्होंने कहा, उनके यहां खेलों का क्रेज है। हालात ऐसे हैं कि किसी-किसी खेल की भारतीय टीम में आधे से अधिक लड़कियां झारखंड की ही होती है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, उनकी सरकार आदिवासी कला-संस्कृति के संवर्द्धन की कोशिश में लगी है। यह महोत्सव उसी सोच का हिस्सा है। संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत और पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू ने इस आयोजन को छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पर्यटन क्षेत्र के एक्सपोजर को लेकर महत्वपूर्ण बताया। इससे पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस महासचिव बीके हरिप्रसाद और यूगांडा, फिलिस्तीन के काउंसलर जनरल को गौर मुकुट और मांदर पहनाकर सम्मान किया गया।

प्रतिभागी दलों ने सांस्कृतिक झलक दिखाकर बनाया माहौल
उद्घाटन सत्र का प्रमुख आकर्षण मार्चपास्ट बना। इस दौरान सभी प्रतिभागी टीमों ने अपनी पारंपरिक शैली के नृत्यों की झलक दिखाकर महोत्सव का माहौल बना दिया। शुरुआत स्वाजीलैंड की टीम से हुई। उसके बाद माली, नाइजीरिया, फिलिस्तीन,श्रीलंका, युगांडा और उज्बेकिस्तान की टीमों ने प्रदर्शन किया। इनके बाद भारत के विभिन्न राज्यों के कलाकार पहुंचे। शुरुआत आंध्र प्रदेश से हुई। अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, दादरा एवं नगर हवेली, गोवा, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मिजोरम, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, नगालैंड, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ के नर्तक दल भी पहुंचे।