
रायगढ़ जिले में 24 जून की रात को हुई ड्राइवर की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। तीन लोगों ने मिलकर उसका चाकू से गला रेत दिया था। जिसके चलते उसका जान गई थी। तीनों ने मिलकर उसका ट्रक लूटना चाहा था। वह गाड़ी लेकर भाग भी रहे थे। मगर रास्ते में ड्राइवर की नींद खुल गई। इसके बाद तीनों ने उसे मार दिया। वहीं ट्रक का डीजल भी खत्म हो गया। जिसके कारण तीनों ड्राइवर को मारने के बाद भाग गए थे। अब पुलिस ने तीनों को पकड़ा है। तीनों झारखंड के रहने वाले हैं। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, तिलगा घाट में 24 जून की रात को एक अधेड़ उम्र के शख्स का शव मिला था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। तब शव की पहचान संतोष कुमार दुबे(55) के रूप में हुई थी। वह बिहार का रहने वाला था। वो यहां रायगढ़ में ट्रांसपोर्टर महेश शर्मा की ट्रक चलाता था। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। महेश शर्मा ने बताया था कि उसकी गाड़ी इन दिनों आयरन गोली लोड कर एक कंपनी से दूसरे कंपनी में भेजना का काम कर रही थी।
पूछताछ में व्यापारी तक पहुंची पुलिस
इस केस में पुलिस ने संतोष कुमार के पहचान वाले लोग और कई और ड्राइवर से पूछताछ की थी। पूछताछ में पुलिस एक व्यापारी तक भी पहुंची थी। उसी व्यापारी ने पुलिस को बताया था कि कुछ समय पहले उसके पास 3 शख्स आए थे। जो आयरन गोली बेचने की बात कर रहे थे। मगर मैंने उन्हें मना कर दिया था। बाद में वे वहां से निकल गए थे।









