Wednesday, April 15, 2026

वेदांता पावर प्लांट हादसा अपडेट: मृतकों की संख्या 14 पहुँची, मुआवजे का ऐलान

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है, जबकि 33 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में से 4 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

मुआवजे की घोषणा
हादसे के बाद वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख रुपये और घायलों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने और मृतकों के परिवार के एक सदस्य को प्लांट में नौकरी देने पर भी सहमति बनी है।

इलाज के दौरान बढ़ा मौत का आंकड़ा
अस्पताल में इलाज के दौरान एक और मजदूर की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 14 तक पहुंच गई है। फिलहाल 26 से अधिक घायल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुआ। अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर कई मजदूर घायल हो गए और प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों का हंगामा
घटना के बाद परिजनों और मजदूरों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने प्लांट के बाहर एम्बुलेंस को रोककर घायलों को दिखाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की। हालात को देखते हुए प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।