वैलेंटाइन वीक में दर्दनाक घटना: शादी में देरी से आहत प्रेमी-युगल ने की आत्महत्या, इलाके में शोक

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकोटा गांव में वैलेंटाइन वीक के दौरान एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शादी में देरी को लेकर मानसिक तनाव में बताए जा रहे प्रेमी-युगल ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमाली गांव निवासी अनीता सिंह (20) और अमलिहा गांव निवासी कृष्णा सिंह (18) पिछले डेढ़-दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद बातचीत बढ़ी और वे परिजनों की सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

बताया जा रहा है कि युवक की कम उम्र के कारण परिजन शादी के लिए कुछ समय इंतजार करने की बात कह रहे थे। इसी बात से दोनों परेशान थे।

पहले युवती ने उठाया कदम, फिर युवक ने भी दी जान
जानकारी के मुताबिक बुधवार-गुरुवार की देर रात युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही युवक वहां पहुंचा और उसे नीचे उतारा। इसके बाद वह घर के पास स्थित नीलगिरी के पेड़ पर चढ़ गया और फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।