बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब दूल्हा नशे में धुत होकर बारात लेकर पहुंचा। दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया।
यह घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, कोरमी निवासी राजू मांडले की शादी कसडोल की सुनीता से तय हुई थी। तय कार्यक्रम के अनुसार 27 अप्रैल को दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। बारात में शामिल रिश्तेदार और दोस्त डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए समारोह स्थल तक पहुंचे।
बताया जा रहा है कि स्वागत की रस्म से पहले जब दूल्हे को गाड़ी से उतारा गया, तब वह शराब के नशे में लड़खड़ाने लगा। उसकी हालत देखकर दुल्हन पक्ष के लोग हैरान रह गए। दूल्हा ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था, जिससे माहौल अचानक बदल गया।
जैसे ही यह बात दुल्हन तक पहुंची, उसने बड़ा फैसला लेते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन ने साफ कहा कि वह ऐसे व्यक्ति के साथ अपनी जिंदगी नहीं बिताना चाहती, जो शादी जैसे पवित्र मौके पर भी नशे में हो। दुल्हन के इस फैसले का उसके परिवार ने भी समर्थन किया और विवाह रोक दिया गया।
शादी टूटने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे, उसके पिता और कुछ रिश्तेदारों को रोक लिया और शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया और जमकर हंगामा हुआ।
स्थिति बिगड़ती देख मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
घटना के बाद बारातियों में निराशा फैल गई और अधिकांश लोग बिना खाना खाए ही लौट गए। धीरे-धीरे पूरी बारात वापस चली गई।
इस घटना ने समाज में एक बार फिर यह संदेश दिया है कि शादी जैसे महत्वपूर्ण फैसलों में जागरूकता और आत्मसम्मान कितना जरूरी है। वहीं, इस पूरे मामले की इलाके में जमकर चर्चा हो रही है।







